Wednesday, April 17, 2019

मादा सेपियंस: दि हिस्‍ट्री ऑफ वीमेनकाइंड



मादा सेपियंस: दि हिस्‍ट्री ऑफ वीमेनकाइंड


इतिहास अकेला अनुशासन नहीं है जिसमें यह मान लिया जाता है की पुरुषों के लिए तैयार अनुशासन में ही औरतें भी शामिल है। आशय यह है अब तक हमारे पास एक इतिहास है, यह इतिहास है तो पुरुषों का इतिहास, लेकिन सुविधा और भलमनसाहत में कह दिया जाता है मानव का इतिहास। सवाल यह है औरतों का इतिहास क्या है । जो मानव इतिहास है उसमें औरतों का इतिहास क्‍या है। जिसे हम पितृसत्ता कहते हैं उसका इतिहास क्या है यह पोस्‍ट उस यात्रा की पड़ताल करने की चेष्टा करेगी, इस यात्रा में मनुष्य के समाज में नर और मादा को अलग-अलग जगह दी है।





मानव विज्ञान की दृष्टि से कई विचारकों ने इस बात पर गौर किया है कि वह कौन सी उद्विकास स्थितियां थी जिनके चलते पिता की नींव पड़ी होगी। एक सामान्य समझ यह मानती है की पौध विकास की प्रक्रिया में होमो प्रजाति में दो प्रमुख उद्विकास के चरण हासिल किए एक है दो पैरों पर चलना तथा दूसरा है मनुष्य के मस्तिष्क के आकार का बड़ा होना इन दोनों को एक साथ साधने की प्रक्रिया में मानव प्रजाति है बहुत कुछ खोया है जाहिर है इन दोनों से ही मानव प्रजाति ने बहुत कुछ पाया भी इस सौदेबाजी में जो पाया गया है वह समूची मानव प्रजाति ने पाया एक शब्द में कहें तो सभ्यता । जबकि जो खोया है उसके उसमें से अधिकांश की कीमत समूची मानव प्रजाति में नहीं अदा की बल्कि इस प्रजाति की केवल मादाओं ने अदा की। समझा जाता है कि दो पैरों पर चलने के लिए होमो सेपियंस पहले होमो इरेक्टस बने ऐसा करने के लिए मनुष्य को अपनी सेंटर आफ ग्रेविटी को संतुलित करना था यह तब तक संभव नहीं था जब तक मनुष्य का श्रोणि प्रदेश (पेलिवक रीजन) संकुचित हुआ तथा मादाओं में उनकी बर्थ कैनाल संकुचित हो गई इसका परिणाम यह हुआ की माताओं के लिए शिशु को जन्म देना कठिन हो गया यह और भी कठिन इसलिए हो गया क्योंकि मानव प्रजाति ने सभ्यता का अपना दूसरा गुण अर्थात बड़ा मस्तिष्क हासिल करने की जुगत की थी यह बड़ा मस्तिष्क स्वाभाविक है एक बड़ी खोपड़ी के भीतर ही रह सकता था कुल मिलाकर स्थिति यह हुई कि बड़ी खोपड़ी का शिशु एक बहुत छोटी बर्थ के केनाल से गुजर कर ही जन्म ले सकता था यह तब तक संभव नहीं था जब तक मादा इसके लिए अपनी जान जोखिम में ना डालें तमाम स्तनधारियों केवल मनुष्य मादा ही बच्चे को जन्म देने की प्रक्रिया में अपनी जान पर खेलती है जिस रास्ते से शिशु को उसके शरीर से बाहर आना होता है वह रास्ता इसलिए बहुत तंग है क्योंकि मनुष्य दो पैरों पर चलता है इस तंग रास्ते से जिस शरीर को बाहर आना है उसकी खोपड़ी का आकार बाकी शरीर की तुलना में बहुत बड़ा है और वह इसलिए बड़ा है क्योंकि उसमें बड़े मस्तिष्क को रहना है जो मनुष्य ने अपनी उद्विकास की प्रक्रिया में चुना है । आसान भाषा में कहें तो क्योंकि मानव प्रजाति सभ्यता के विकास के लिए दो प्रमुख कोण दो पैरों पर चलना तथा बड़ी खोपड़ी को चुना इसलिए मानव प्रजाति की है उद्विकास यात्रा अपनी प्रजाति की मादा यानी स्त्रियों की जान जोखिम में डालकर ही संभव हो सकी है।





यह जन्म देने की प्रक्रिया इतनी अधिक जोखिम से भरी है कि तमाम स्तनधारियों में केवल मानव प्रजाति में ही जन्म देने की प्रक्रिया बिना बाहरी सहयोग यानी किसी दाई डॉक्टर की सहायता के बिना संभव नहीं है। यही नहीं इस प्रक्रिया से जन्म ले पाने के लिए शिशु को अपनी परिपक्व अवस्था से काफी पहले प्रीमेच्योर जन्म लेना पड़ता है जिसका अर्थ है कि मानव शिशु बिना पूरे विकसित हुए ही जन्म ले लेता है अतः अतः इस शिशु को ठीक-ठाक विकसित होने के लिए 4-5 कई बार इससे अधिक साल तक लग जाते हैं यानी इस उम्र तक वह अपनी मां पर आश्रित रहता है कुल मिलाकर एक बच्चे को जन्म देने और उसे थोड़ा बहुत आजाद मनुष्य बनाने बनने तक उसकी मां के लगभग 6 से 7 साल आश्रित अवस्था में बीतते हैं। मानव प्रजाति में अपने शिशु को जन्म देने की इस जटिल प्रक्रिया के कारण ही स्त्री अपने साथी पर लगभग सदैव के लिए आश्रित हो गई। हम कह सकते हैं कि मानव सभ्यता के विकसित होने की कीमत उसकी मादा ने चुकाई है।

Tuesday, April 16, 2019

संकल्‍प पत्र के निहितार्थ

भाजपा ने घोषणा पत्र तो जारी नहीं किया इसकी जगह एक 'संकल्प पत्र' जारी किया है (इसका जो भी मतलब आप लगाना चाहें) । यह एक शातिर डॉक्यूमेंट है, देखिए और एक मनोरंजक काम कीजिए हम लोग सोशल साइंस में कंटेंट एनालिसिस में ऐसा करते हैं-
इस डॉक्यूमेंट के ऊपर सर्च विंडों में जाइए और निम्न कीवर्ड्स खोजने की कोशिश कीजिए-
सरकारी नौकरी, आरक्षण, दलित, पेंशन, रोजगार, गरीबी, भुखमरी, नहर, सद्भाव...
देखिए इस डॉक्यूमेंट में ये शब्द कितनी बार आते हैं, किन सन्दर्भों में आते हैं तथा कोई ठोस, वेरिफाइएबल वायदा करते हैं या नहीं।
खोजिए वैसे भी पूरे दस्तावेज में ऐसे कितने वाक्य हैं जिनका कोई ठोस अर्थ निकलता है जिसमें ऐसे वायदे है जिन्हें चुनाव बाद जांचा जा सके कि ये पूरे हुए या नहीं।
यह फेक सरकार का फेक दस्तावेज है जो जवाबदेही से कन्नी काटता है, हो सके तो असली मंशा भाँपिए।

Friday, December 23, 2016

ठण्डी कहानी

मग में भाप उड़ाती कहानी सलीके से उड़ेलते हुए वो हसरत से देखती है... सामने जो बागान का सौदागर था, शुगर पॉट आगे खिसकाते हुए सुझाता है डेढ़ चम्मच से मुकम्मल होनी चाहिए कहानी... हम देखेंगे, खुद को कहते सुनती है। चम्मच में झूठ भर वो उड़ेलती है मग में एक टीस्पून, दो, तीन... फिर न जाने ऐसा क्यों होता है कि मग आइसक्रीम कोन हो जाता है कहानी ज़िन्दगी सी ठंडी और झूठ जैसी मीठी हो जाती है।
बागान का सौदागर मन ही मन मुस्कराता है और और जेब में हाथ डालकर जांघिए को खींचकर ठीक करने में जुट जाता है।

Wednesday, November 02, 2016

बेउम्मीदी की उम्मीद में

उम्मीद एक दुधारी शब्द है
ज़िंदा रखता है
लेकिन जीने नहीं देता।
छल के बाद
धोखे और टूटे पुलों के बावजूद
आहटों पर मुड़कर
पीछे देखने को विवश करता है
यही बेशर्म शब्द
लेकिन आगे नहीं देखने देता
स्वीकार कर हर घटित को,
आगे चलने के लिए जरूरी है
कि
उम्मीद को दफ़न किया जाए
या होने दिया छटपटा कर बेदम।

Friday, September 09, 2016

पराए युद्ध के घाव

कम ही लड़ाई हैं जो हम चुनते हैं
बहुधा हमें मिलती हैं
पराई लड़ाइयॉं
जो हम पर थोपी गई थीं
जिरहबख्‍तरों पर अगाध विश्‍वास वाले योद्धाओं ने।
लड़ाइयॉं जिन्‍हें हम जीतना नहीं चाहते
न ही हार से बचने के ही लिए लड़ रहे हैं हम
अपनी कहूँ
खड़ा हूँ इस बॉलकोनी पर अपने ही घर की
जिसे न जाने क्‍यों
कुछ संप्रभु मन घोषित कर चुके हैं
युद्ध का मैदान।
खड़ा हूँ दम साधे बस
सहमे भयभीत (पराजय से नहीं)
वरन
ये जानने कि
अगाध विश्‍वास वाली योद्धा
जब जिरहबख्‍तर उतारेगी
(जीत कर या पराजित, मुझे फर्क नहीं पड़ता)
तो खुद घायल होगी कि नहीं।

Tuesday, August 23, 2016

मेरी वह दोस्त इतने भरोसे की जिससे बात करने में भरोसे पर विचार नहीं करना पड़ता। उस रोज़ किसी वजह से अकेले थे हम उसके घर, यह कोई अलग घटना नहीं थी जिसे महसूस किया जाता। फिर वक़्त हुआ, मैंने कहा अच्छा चलता हूँ दरवाजे के और मुड़ा हाथ अनदेखे ही दरवाजे के लैच की दिशा में बढ़ा.. तब मुझे दिखा,  बस यही क्षण बस यही। मैं सहज ही मुड़ा था लेकिन देखा कि वह चौंकती है और फिर एक,  नहीं आधा ही कदम पीछे होती है। उसके दोनों हाथ इवेसिव भंगिमा में छातियों की और गए थे...ओह। मैं बेहद आहत और हैरत निगाह से देकगता हूँ , सेकण्ड का चौथाई भर ही रहा होगा वो एक अपोलेजेटिक मुस्कान देती है...मैं सोचकर मुस्करा देता हूँ कि कहीं उसे बुरा न लगे। फिर मुझे लगता है कि आखिर यही सब तो उसका कुल हासिल है, पहला रिफ्लेक्स एक्शन खुद को बचाने का... किसी मर्द पर भरोसा न् कर पाना...पर मैं नीचे आ गाड़ी में रो देता हूँ। खुद के अपमान पर शायद नहीं, उसकी जिंदगी पर।  ज़िन्दगी का उसका हासिल 'इनेबिलिटी तो ट्रस्ट'... ज़िन्दगी हमेशा कवच निकालकर ही जीना.. ओह मेरी प्यारी।
उस क्षण मुझे पता था पता होना था कि उस क्षण का वह अ-भरोसा व्याप्त हो पूरी ज़िन्दगी पर छाएगा।  अपने ही इस कवच की कैद... बाद की बस सारी कहानी इस अ-भरोसे के बीज के उगने, वृक्ष हो जाने की कहानी है।

Friday, August 19, 2016

भरोसा कर सकने की क़ाबलियत के मायने

मेरी वह दोस्त इतने भरोसे की जिससे बात करने में भरोसे पर विचार नहीं करना पड़ता। उस रोज़ किसी वजह से अकेले थे हम उसके घर, यह कोई अलग घटना नहीं थी जिसे महसूस किया जाता। फिर वक़्त हुआ, मैंने कहा अच्छा चलता हूँ दरवाजे के और मुड़ा हाथ अनदेखे ही दरवाजे के लैच की दिशा में बढ़ा.. तब मुझे दिखा,  बस यही क्षण बस यही। मैं सहज ही मुड़ा था लेकिन देखा कि वह चौंकती है और फिर एक,  नहीं आधा ही कदम पीछे होती है। उसके दोनों हाथ इवेसिव भंगिमा में छातियों की और गए थे...ओह। मैं बेहद आहत और हैरत निगाह से देकगता हूँ , सेकण्ड का चौथाई भर ही रहा होगा वो एक अपोलेजेटिक मुस्कान देती है...मैं सोचकर मुस्करा देता हूँ कि कहीं उसे बुरा न लगे। फिर मुझे लगता है कि आखिर यही सब तो उसका कुल हासिल है, पहला रिफ्लेक्स एक्शन खुद को बचाने का... किसी मर्द पर भरोसा न कर पाना...पर मैं नीचे आ गाड़ी में रो देता हूँ। खुद के अपमान पर शायद नहीं, उसकी जिंदगी पर।  ज़िन्दगी का उसका हासिल 'इनेबिलिटी टू ट्रस्ट'... ज़िन्दगी हमेशा कवच निकालकर ही जीना.. ओह मेरी प्यारी।
उस क्षण मुझे पता था पता होना था कि उस क्षण का वह अ-भरोसा व्याप्त हो पूरी ज़िन्दगी पर छाएगा।  अपने ही इस कवच की कैद... बाद की बस सारी कहानी इस अ-भरोसे के बीज के उगने, वृक्ष हो जाने की कहानी है।

Sunday, May 01, 2016

दुनिया होने का सच

एक होते हैं शब्द
और होती है शब्दों की दुनिया
जैसे एक होता है प्यार
और होती है प्यार की दुनिया
पर सुनो प्यार होता प्यार..
लेकिन प्यार की दुनिया होती है
झूठ, धोखा और लिसड़ा हुआ स्वार्थ
एक होती है कविता
और होती है कविता की दुनिया
टकराती प्रवंचनाएं, फूहड़ अहम् और छद्म शिखर
सुनो दुनिया
तुम हर सच के साथ ऐसा क्यों करती हो
उसे सच रहने क्यों नहीं देती
क्योंकि एक होता है सच
और होती है सच की दुनिया
जो
और चाहे दुनियाभर का कुछ भी हो
सच नहीं होती।

Monday, April 18, 2016

रैण दो, आपसे न हो पाएगा प्रोफेसर साहब

प्रो. गोपेश्‍वर सिंह हमारे ही विश्‍वविद्यालय में हिन्‍दी के प्रोफेसर हैं। पहले विभागाध्‍यक्ष रह चुके हैं। कल के जनसत्‍ता में उन्‍होंने आलोचना की अधोगति के स्‍यापे में ठीकरा सोशल मीडिया के सर फोड़ा है। विनीत, रवीश और प्रभात जैसे सक्रिय ब्‍लॉगरों को उदाहरण की तरह प्रस्‍तुत करते हुए यह साबित करने की जिद दिखाई है कि सोशल मीडिया के कथित तुरंता होन के चलते गंभीर आलोचना की संभावना खत्‍म हो गई है। मेरी प्रतिक्रिया: 

यात्रा में था तो कल जनसत्‍ता उपलब्‍ध नहीं था आज पढ़ा है। सोशल मीडिया को लेकर की गई ये कोई पहली गैर जिम्‍मेदार टिप्‍पणी नहीं है। पिछले दस साल में हम जो ब्‍लॉग-इंटरनेट वाले हैं उन्‍होंने उपहास, उपेक्षा,असुरक्षा, ईर्ष्‍या सब चरणों को भुगता है, सो ये टिप्‍प्‍णी तो फिर भी खिसियाहट ज्‍यादा है। तब भी मैंने सोचा था कि पूर्वग्रह छोड़कर प्रो. सिंह के नजरिए को पूरी सदाशयता से समझने कर कोशिश की जाए। किंतु दिक्‍कत ये है कि आलेख में सोशल मीडिया की समझ की एबीसीडी भी नदारद है।
प्रो. सिंह अपनी आधारभूत पूर्वधारणाओं के आधार तक स्‍पष्‍ट कर पा रहे हैं...आलोचना में वर्णित पतन की जिम्‍मेदारी सोशल मीडिया पर कैसे है ? यूनीकोड 2003-04 में दिखता है और ब्‍लॉगेतर हिन्‍दी सोशल मीडिया की उम्र उससे भी कम है यानि सोशल मीडिया की 'छाया' आलोचना पर मात्र 5-7 साल की है तो क्‍या उससे पहले हमें आलोचना का स्‍वर्ण काल चल रहा था ?
एक अहम पूर्वधारण ये भी है हिन्‍दी पब्लिक स्‍फेयर मोनोलिथिक है यानि सोशल मीडिया और शेष आलोचना वृत्‍त में लोग एक ही हैं... अजब जिद है, सारे उदाहरण बताते हैं कि दरअसल सोशल मीडिया के हिन्‍दी वाले (खासकर पाठक) अधिकांशत वे हैं जो अन्‍यथा हिन्‍दी जगत से दूर होते..सोशल मीडिया ने हिन्‍दी के पब्लिक स्‍फेयर को विस्‍तार दिया है। ब्‍लॉगर याद करेंगे कि इस बात को वहॉं बार बार रेखांकित किया जाता था ये हिन्‍दी के यूनीलेखक व यूनीपाठक, छपाई वाले लेखको/पाठकों से अलग हैं तथा बहुत ही थोड़ा हिस्‍सा कॉमन है।
एक आलोचकीय प्रश्‍न यह भी है कि सरजी ये जो कथन है कि 'सोशल मीडिया अभिव्‍यक्ति की भूख मार देती है' इसके लिए कोई संदर्भ, कोई शोध उद्धृत करने की कोई जरूरत क्‍यों नहीं लगी आपको... या जो ठाकुर साहब कहें उसे बस मान लेना पड़ेगा...क्‍योंकि बाकी सब सबूत तो बताते हैं कि इससे हिन्‍दी टेक्‍सट के उपभोग और उत्‍पादन दोनों का विस्‍तार हुआ है।
अब खरी खरी कुछ सुन लीजिए, सरजी कुछ पढ़ा कीजिए, हिन्‍दी में न मिले तो अंग्रेजी का पढ़ लीजिए। हाईपर टेक्‍स्‍ट वहीं नहीं है जो टेक्‍स्‍ट है उसे न पढ़ा वैसे जाता है जैसे छापे के टेक्‍स्‍ट को न लिखा ही वैसे जाता है। यूँ आपको चंद संदर्भ यहॉं दे सकता हूँ किंतु सही तो होगा कि जिन्‍हें तिलंगे कहकर अपमानित कर रहे हैं, खासकर विनीत (Vineet Kumar)को उसे एक बार फोन लगाएं (कोई शर्म की बात नहीं है, ज्ञान जिसके पास हो ले लेना चाहिए) वे आपको चार किताब गिना सकता है उसे पढ़कर आपकी कुछ नजर खुलेगी।
मजे की बात यह है‍ कि आपकी उम्‍मीद तो यह है कि इस सर फुटौवल में आप टेक्‍स्‍ट को हाईपरटेक्‍स्‍ट के सामने ला खड़ा कर पाएंगे और इस धुंधलके में आपको टेक्‍स्‍ट खेमे की सरदारी मिल जाएगी पर है ये गलतफहमी ही। तिस पर मजेदार बात यह है कि जिस पोलिमिकल अंदाज में आपने यह लेख लिखा है वह खुद ही दरअसल सोशल मीडिया तेवर...यानि दरअसल जनसत्‍ता में एक ब्‍लॉग पोस्‍ट पर लिख दी है बस लिंक नहीं दे पाए हैं :)
अब आखिरी बात इसी विश्‍वविद्यालय का ही शिक्षक होने के नाते मुझे शिकायत करनी चाहिए थी कि आपने तो डीयू प्रोफेसरों की इज्‍जत ही मिटा दी..पर अंदर की बात हम आप जानते ही हैं कि हमारी इज्‍जत पिछले कुछ सालों से, खासकर एफवाईयूपी/सीबीसीएस के बाद कुछ रही ही नहीं। तो वो कोई वांदा नहीं। एक सवाल सो साथी जातिखोज शिक्षकों में जरूर कुलबुलाएगा कि ये 'चौहान' भला 'सिंह साहब' पर ढेले क्‍यों भांज रहा है, तो पहली बार साफ कर दूँ मुझे अपनी जाति पता ही नहीं है, जब तक पता नहीं चलती तब तक लोग ठाकुर समझें इस पर आपत्ति न करने की नीति अपनाई हुई है :)


Tuesday, April 12, 2016

आहत व्यासपोथी



आहत व्यासपोथी
============
एक तख्ती की तरह जमाया
पहला मजबूत विश्वास
थोडा ठोका, दबाया
फिर विश्वास की जमायी
अगली तह
परत दर परत
विश्वास की तलछट चट्टान
किसी एक आंधी भरी शाम
ये व्‍यास  पोथी
हो गयी भुरभुरे शब्दों की
भंगुर किताब
एक तह के शब्द नश्तर हो
निचली तह में घुस गए
जंग खायी कील से पंक्चर
बियाबान में खड़ी गाडी सा बेबस भरोसा
भरोसे को रोयेदार होना चाहिए
लचीला
उसको किताबों सा तो बिल्कुल न होना था
बंद एक तरफ/खुला दूसरी ओर
शब्दों से बिंधा अनहद। 

Saturday, April 09, 2016

मन अक्सों के खेत हैं

तुम्हारे आइने से चुराया मुस्कराकर मैंने तुम्हारा थोड़ा सा अक्स सहेजकर बो दिया उसे मन में, मन ही मन में तुम तुम रहीं तुम्हारे पास मेरे पास फूटता पलता तुम्हारा एक अक्स रहा.. फिर एक दिन सारे दर्पणों को किरिचें उड़ा तुम चल पड़ीं अनजान देशों में शिखरों की यात्रा पर देश जिसमें होते नहीं दर्पण लेकिन भीतर वह छतनार हो चुकी तुम हो वैसी, तुम जैसी नहीं यूँ भी मैं तुम्हारे अक्स के ही सहारे था मन अक्सों के ही खेत हैं।

Wednesday, March 30, 2016

संविधान

एक, दो ,तीन...चार सौ अड़तालीस
मेरे भीतर एक क्‍लाउन गिनकर लेता है
हर चुटकुले पर अट्टहास
साश्रु कभी-कभी,
संविधान साला चुटकले की किताब हो गया है।

Tuesday, March 29, 2016

कैद

मैंने
आइनों को तोड़ा सबसे पहले
चकनाचूर, किरिच किरिच उड़ा दीं
फिर इत्‍मीनान से गढ़ा खुद को
मैं जानती थी हमेशा से
कहा भी मुझे सपनों के उस सौदागर ने
जो बट्टे की मुद्रा में सौदे करता है
मैं जिसे मैंने गढ़ा है
वही मैं हूँ
वही हूँ मैं
मैं हूँ वही
आइनों में कैद न होंउंगी कभी
मैं अपनी गढ़न की कैद में हूँ प्रसन्‍न

Friday, March 18, 2016

आपकी कलैंडरी भारतमाता आपकी है, आप रखिए।

हम भी आपके वाले ही समाज में पैदा हुए इसलिए हमारे मन में भी छवियॉं राजा रविवर्माई कलैंडरों को देख देख मिथकीकृत हुई हैं उसी के आधार पर कहता हूँ कि तनिक ऑंख बंद कर भारतमाता बुदबुदाईए और देखिए आपके मन में कैसी छवि बनती है बहुत संभावना है कि कोई निर्गुण निराकार नहीं वरन नीचे जो संघी भारतमाता है उस किस्म की छवि बनेगी थोड़ा हेरफेर पर वही साड़ी पहनी आभूषणों से भरी शायद शेर, कोई हथियार और हो सकता भगवा (या तिरंगा भी, कोई बात नहीं) झंडा हाथ में लिए। पीछे एक नक्‍शा जिसमें पाकिस्‍तान/बांग्‍लादेश भारत में ही विलीन है।
मैं कलाकार नहीं हूँ इसलिए गूगल से ही तस्‍वीर लेकर रख रहा हूँ किंतु इस राजा रविवर्मा शैली वाली तस्‍वीर के स्‍थान पर कोई हिज़ाब/नकाब वाली, नमाज में झुकी दुआ मॉंगती - भारत माता (या मादरेवतन) की छवि आती तब भी आप इतना ही सहज होते ?
मैं दोनों से ही असहज हूँ क्‍योंकि मेरे लिए भारत इतना सगुणरूप नहीं है लेकिन उसे जाने दें सच यह है कि सिंहवाहिनी भारतमाता की कल्‍पना आप कितना भी शब्दिक मुलम्‍मे चढ़ाएं लेकिन वह है बहुसंख्‍यकवाद ही। औवेसी हो या कोई अन्‍य जब आप उसके प्‍यार (देश से या किसी से भी) करने के तरीके को तय करने की कोशिश करते हैं आप दरअसल बहुसंख्‍यक तानाशाही की आहट लिए होते हैं।

Wednesday, March 16, 2016

कम उदास कविता के लिए

उदास कविता मैं भी लिख सकता हूँ
आज
आज दिन
और आज रात भी
शायद आज के बाद की हर रात
मैं लिख सकता सबसे उदास कविता
पाब्लो नेरुदा।
तुम्हारी तरह मैंने भी उसे प्यार किया था
और कभी कभी उसने भी
हम सब की
कवियों की और कम कवियों की भी
उदासियाँ उपजती हैं
उस बहुत गहरे प्यार से
जो उन्होंने किया था
और कभी कभी उनसे भी किया गया था।
सुनो प्यार
काश तुम कुछ कम उपजाऊ होते
और सुनो
पाब्लो नेरुदा
उसकी बड़ी बड़ी शांत आँखों से
तुम्हारी इस शिकायत में शामिल समझो मुझे
दुनिया को कुछ कम
उदास कविताओं की जरूरत है
हर दिन
हर रात ।
(पाब्लो नेरुदा की कविता 'आज रात...मैं लिख सकता हूँ' को)

Friday, March 11, 2016

संवाद हो, असंवाद हो तो उस पर भी संवाद हो

हम जब प्‍यार में ताजा ताजा पड़े थे कैंपस में तो घंटों साथ रहने का मौका मिलता था, घंटों यानि घंटों... पता नही क्‍या क्‍या बात करते होंगे- स्‍वीकृत युगल थे इसलिए किसी से छिपना छिपाना न था इस हद तक साथ होते थे कि वाशरूम जाने में भी बैग दूसरे को पकड़ाकर जाते थे। दोस्‍त ही नहीं खुद भी हैरान होते थे कि आखिर सुबह से शाम तक करने के लिए बातों के विषय कहॉं से लाते हैं। फिर एहसास हुआ कि हम शायद अच्‍छे संवाद में थे एक दूसरे के कहने से पहले समझ लेते थे इस संवाद को और बेहतर करने की कोशिश भी कर रहे थे, फिर शादी हुई आगे की पढ़ाई, शोध, बच्‍चे और नौकरियॉं इस क्रम में शायद ग्रो भी किया होगा। लेकिन फिर एहसास होना शुरू हुआ कि एक शिकायत अक्‍सर एक-दूसरे से की जा रही है खासकर मेरे खिलाफ कि 'मैं साथी से बात नहीं करता' हमारे जिंदगी में अब तक पेशे पड़ोस प्‍यार की इतनी समानताएं थी कि विषयों की कमी नहीं हो सकती थी पर फिर भी शिकायत थी कि आपस में संवाद उतना नहीं हो रहा है जितने की चाह है, घर बच्‍चे सब्‍जी होमवर्क बिल जैसी मुंडेन गृहस्‍थी वाली बात की बात नही कर रहा हूँ, संवाद की बात कर रहा हूँ। गहरा संवाद जैसा दोस्‍तों से होता है...उठते समय तृप्ति के अहसास वाला।
ये एक दूसरे पर किसी अविश्‍वास से उपजा असंवाद नहीं था, ऊब वाला भी शायद नहीं था विषयों का कम होना हो सकता है हो पर मुझे इसकी वजह नहीं दिखती। आज से तेईस साल पहले जाहिर है जिन विषयों पर बात कर सकते थे आज उनसे ज्‍यादा विषय हैं। ढेर सुख तो बढे़ ही हैं कितने ही दु:ख भी आ जमे हैं जिनपर कितना तो कहा रोया जा सकता है। फिर भी एक अर्थपूर्ण संवाद के लिए तरसते क्‍यों रह जाते हैं हम। मनीषा ने अपनी एक पोस्‍ट में इसे इवोल्‍यूशन के संकट की तरह चीह्नने की कोशिश की है-
''हम दूर हो जाते हैं क्‍योंकि बात ही नहीं कर पाते। न समझ पाते हैं और न समझा पाते हैं। समझने-समझाने की जरूरतें भी सबकी एकसमान नहीं होतीं।''
मुझे यह समझने समझाने से ज्‍यादा वाकई समझने की जरूरत समझाने का संकट ज्‍यादा लगता है। मैं जब अपना संकट समझाने की चेष्‍टा करता हूँ तुम समझती हो मैं कह रहा हूँ - कि तुम नहीं समझ सकती जाने दो, जाहिर है यह अहम पर चोट देने वाली समझ है और इसके बाद तो संवाद की संभावना ही समझो खत्‍म, शायद दोबारा तत्‍काल कोशिश भी मुश्किल और लो फिर ऐसा मौन पसरता है कि क्‍या खाएंगे, क्‍लास कब है बच्‍चों ने होमवर्क किया या नही...बस यही बचता है अगले कितने ही घंटे या दिन। फिर हम समझाते हैं कि देखो हम दु:खी नहीं है कितना सुखी और प्‍यार भरा तो परिवार है। बाकी सब आह भरें ऐसा। फिर कोशिश करते हैं अक्‍सर एक रिक्ति फिर भी जमी रहती है। हम जानते हैं कि हमारा संवाद और संवाद की जरूरत का एहसास निन्‍यानवें फीसदी से बेहतर है पर ये अपने आप में कोई दिलासा देने की तो बात न हुई... संवाद तो वैसी ही जरूरत है जैसी खाने पीने या साथ सोने की। संवाद इसलिए अहम है और किसी पर न हो तो असंवाद पर से ही श्‍ुारू किया जाए।

Saturday, March 05, 2016

खटमलों की कसम आपको कुछ समझ नही आ रहा

ज्ञानदद्दा अब पेंशनयाफ्ता होकर गॉंव में रह रहे हैं बड़े अधिकारी हैं मैं खुद सरकारी नौकरी में हूँ इसलिए साफ अनुमान लगा सकता हूँ कि सीनियर एडमिनिस्‍ट्रेटिव ग्रेड से रिटायर होने पर लगभग कितनी पेंशन मिलती होगी। पर ये सब बातें बदतमीजी ही कही जानी चाहिए आखिर पेंशन व्‍यक्ति का हक है कोई खैरात नही है। बस ज्ञानजी को समझना चाहिए कि अगर लाखों की पेंशन खैरात नहीं है तो सिर्फ पॉंच हजार की फैलोशिप और इस किस्‍म की छोटी मोटी मदद जो शोधार्थी पाते हैं यह भी उनका हक है खैरात नहीं। यह सब कहने की नौबत इसलिए आई कि ज्ञानजी ने कन्‍हैया कुमार समझाईश देते हुए यह स्‍टेटस लिखा-
छड्ड पुत्तर। अपनी पढ़ाई पूरी कर। काम धाम कर मां बाप का हाथ बटा। अठ्ठाईस साल की उमर हो गयी। कब तक टेक्सपेयर्स के बल पर मिली स्कॉलरशिप की रोटियां तोड़ चौधराहट करेगा।

ज्ञानजी जैसे वरिष्‍ठ ही नही सरकार और उसके मंत्री भी अब अचानक अभिभावकीय मुद्रा में आ गए हैं। ये कन्‍हैया इस उम्र तक पढ़ाई क्‍यों कर रहा है, जा मॉं बाप का ध्‍यान रख, पढ़ाई में मन लगा किस्‍म के चौपट तर्क रखे जा रहे हैं। एक तो वयस्‍कों को बच्‍चा समझकर व्‍यवहार करने की हमारी सामाजिक ग्रंथि का इलाज आवश्‍यक है।
 दूसरा वो कह रहा है कि कैंपस में खटमल हैं तो उसका भी व्‍यवस्‍थागत विश्‍लेषण होना चाहिए उसे 28 की साल की उम्र में यह बात और इसका महत्‍व पता है आप इस उम्र में पहुँचकर शोध में लगे युवाओं की रोजगार की स्थिति के लिए उसे ही जिम्‍मेदार बनाने पर तुले हैं। उसकी सुपरवाइजर बाकायदा घोषणा कर बात चुकी हैं कि वह गर्व करने लायक शोधार्थी है पर न जी, आप भले ही उसका शोधविषय भी न जानते हों उसे नकारा सिद्ध करने पर तुले हैं।

मैं दिल्‍ली विश्‍वविद्यालय में ही पढ़ाता हूँ और जानता हूँ कि इस समय शोध में लगे लाेगों को नौकरी मिलने में कितना वक्‍त लग रहा है और हॉस्‍टलों के खटमल की कसम इसकी वजह ये शोधार्थी नहीं है, सरकारें इतनी शोषक हो गईं हैं कि वे नहीं चाहतीं कि शोधार्थी गरिमा के साथ शिक्षण का या कोई शोध का रोजगार पा सकें। कितने गेस्‍ट एडहॉक अपनी शादी करना, बच्‍चे पैदा करना यहॉं तक कि निर्भय होकर किताब या लेख लिखना तक टालते हैं कि नौकरी पर फर्क पड़ेगा।
अभी इसमें इस बात को शामिल नहीं कर रहा हूँ कि 28 वर्षीय सुवक को इस बात की आजादी होनी चाहिए कि नहीं कि वह अपने भविष्‍य के बारे में खुद फैसला करे, उसे देश समाज को महत्‍व देना है या अपने निजी जीवन को, यह फैसला आप उसके लिए करने पर इतना उतारू क्‍यों हैं।
अब टेबल टेनिस की तरह आपका घटिया तर्क आप पर ही वापस फेंक रहा हूँ कि इसी तर्ज पर अब बुढऊ हो रहे मोदीजी को घर परिवार पत्‍नी के लिए कुछ करना चाहिए था कि शाखाओं में ध्‍वजप्रणाम में जिंदगी लगाानी चाहिए थी ?

कलम की आड़ में

हंसने की नहीं,
मरने की नहीं
करने की भी नहीं
नहीं मुझसे और कोई उम्मीद न रखो
कि मेरे हाथ में कलम है।

लड़ने की नहीं
अड़ने की नहीं
धरने की भी नहीं
नहीं मुझसे और कोई उम्मीद न रखो
कि मेरे हाथ में कलम है।

कलम को मैंने बना लिया है
अपना ढाल हथियार और मोर्चा सब
शब्दों की नहीं
भाव की नहीं
त्रास की नहीं
सच की नहीं
अपने कुछ की भी नहीं
नहीं मुझसे और कोई उम्मीद न रखो
कि मेरे हाथ में कलम है।

Tuesday, March 01, 2016

है ये भी एक नैपकिन विवाद ही, जरा ज्‍यादा बड़ा है

हो नहीं सकता कि आपको नारद याद न हो। हिन्‍दी का पहला ब्‍लॉग एग्रीगेटर था और सही मायने में हिन्‍दी ब्‍लॉगिंग को एक समुदाय बनाने का श्रेय इसी मंच को जाता है। नारद के वक्त में कई विवाद भी हुए थे उनमें से एक विवाद आज के वक्‍त में सहज याद आता है। हमलोग इसे नैपकिन विवाद के रूप में याद करते हैं। एक पत्रकार ब्‍लॉगर राहुल ने दोस्‍त संजय बेंगाणी को गंदे नैपकिन जैसी किसी संज्ञा से पुकारा था...बात कई लोगों को नागवार गुजरी उन्‍होंने जिनमें हम खुद भी शामिल थे इस भाषा की आलोचना की, यहॉं तक सब ठीक था लेकिन फिर इसका अगला चरण आया जब लोगों ने गुहार लगाई कि इस गुनाह के लिए, राहुल के ब्‍लॉग को नारद से हटा देना चाहिए माने बैन कर देना चाहिए। अनेक तर्क दिए गए अधिकतर खाप पंचायती तर्क थे माने कि इससे माहौल बिगड़ता है, सजा देना जरूरी है आदि। हम तब भी इस बैन के खिलाफ थे..खूब बहस मुबाहिसा हुआ, बैन हुआ...होते होते नारद चूंकि बैनवादियों के ही प्रभाव में रहा अत: स्‍व-बैनत्‍व को स्‍वत: प्राप्‍त हुआ। उसने अपनी भूमिका अदा की थी सो अहम है पर लोकतंत्र की कसौटियों पर हारने से वह हार गया। इस एक विवाद भर के कारण नहीं पर कारणों में से एक यह भी रहा।
यह विवाद मुझे क्‍यों आज याद आ रहा है इसे समझना इतना भी कठिन नहीं है। हम लगभग एक किस्‍म के नैपकिन विवाद के ही वक्‍त में हैं। इस बार 'गंदा नैपकिन' नहीं कहा गया, 'भारत की बर्बादी तक जंग रहेगी' कहा गया है। मसला एक एग्रीगेटर का नही एक पूरे विश्‍वविद्यालय का है बल्कि कहिए कि पूरे देश का है। नारद को ढहने दिया जा सकता था, बंद होने दिया जा सकता था... ऐसे लोग थे जो एक नारद के बंद होते ही (दरअसल पहेल ही) ब्‍लॉगवाणी खड़ा कर सकते थे। पर जेएनयू के बंद/बर्बाद होने से पहले या बाद में एक और एक और जेएनयू खड़ा करने का बूता फिलहाल किसी में नहीं है। देश के बंद/बर्बाद होने पर की तो कल्‍पना ही सिहरा देने के लिए काफी है। लेकिन यकीन कीजिए कि जेएनयू विवाद अपनी प्रकृति में नेपकिन विवाद से अलग नहीं है। इसका एक मजेदार प्रमाण ये भी है कि पुराने ब्‍लॉगर याद करेंगे तो मानेंगे कि उस समय के बैनवादी और आजकल के 'शटडाउन जेएनयू' वाले भी दरअसल एक ही हैं। अवसर चेतने का है, अतीत से सबक लेने का है।

सबकुछ किंतु वैसा ही नहीं है। खाप वाले तो नहीं बदले सो नहीं बदले पर जिन्‍हें हम लोकतांत्रिक मानते रहे वे भयानक तौर पर बदले हैं। जिस कचोट में यह पोस्‍ट लिख रहा हूँ उसे शेयर करता हूँ। उस नैपकिन विवाद और बाद की भी अनेक लोकतांत्रिक संघर्षों में जिनके साथ शामिल रहे उनमें से एक हैं। हम आजीवन लोकतांत्रिक मानते रहे। एक मंच के संचालन की अदना सी भूमिका में हैं। आज अचानक देखता हूँ कि इस साझे मंच (लगभग नारद की ही तरह) के सदस्‍यों की सूची से हमें अचानक गायब कर दिया गया। नहीं मंच उनके पिताजी की जागीर नहीं था कितने ही हम साझीदारों ने मिलके ही सींचा था और यहॉं कोई नैपकिन विवाद भी नहीं है। वे अभी भी लोकतांत्रिक होने के ही दावेदारों में हैं। बस फर्क इतना है कि बाकी से ज्‍यादा लोकतांत्रिक होने की होड़ में कुछ को कलम करना जरूरी था। अगर खापवाले और संगठित हुए हैं और जनपक्षीय बेशर्म होने की दिशा में हैं तो मान चलिए कि हम हारने वाली लड़ाई लड़ रहे हैं।

Thursday, February 25, 2016

सदन पटल पर विषय है, मैं खुद नहीं हूँ।

स्मृति ईरानी के भाषण पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दे पाया हूँ न स्टेटस से न कमेंट में ही। कारण साफ है कि पक्ष वाली प्रतिक्रियाएं तो खैर भक्त टाईप हैं ही पर विरोध में आ रही प्रतिक्रियाएं उनसे व्यक्तिगत खुन्नस टाईप ज्यादा दिख रही हैं - एक्ट्रेस है, सास बहु, थिएट्रिकल है आदि...मूलत: उनके औरत होने पर। मुझे भी स्मृति पसंद नहीं कारण ये कि मैं विश्वविद्यालय शिक्षक हूँ और मानता हूँ कि स्मृति के कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में नीतिगत अनाचार बढ़ा है पर मेरी उस मान्यता से उनके संसद भाषण का विश्लेषण बहुत सही तरीका नहीं ही है। यदि हम उनके भाषण को सास-बहु, औरताना, हाथ नचाऊ आदि कहकर शेर बनते हैं तो ये बहुत सेक्सिस्ट नजरिया है जान लीजिए। 
पर एक और पक्ष है। डिबेटिंग कम से कम 25 सालों से मेरा पैशन रहा है, पहले एक डिबेटर के रूप में फिर एक शिक्षक के रूप में। उस लिहाज से कह सकता हूँ कि डिबेटिंग के तीनों एम यानि मैटर, मैथड, मैनर से परखें तो साफ है कि उनकी डिबेट सदन को संबोधित नहीं थी उसकी ऑडिएन्स सदन से बाहर थी, मैटर में आपको कमजोर लगेगी, थी भी पर जिन्हें संदेश देना था उनके लिए उसमें मैटर था...मैनर/मैथड के लिहाज से ये कोई एतिहासिक डिबेट नहीं थी औसत थी। हम डिबेटिंग के दिनों में जिन्हें प्रवाहजीवी डिबेटर कहते थे, स्मृति वैसी तो रहीं ही यानि फ्लो, फट्टों और उतार चढ़ाव से प्रभावित करने वाले। यद्यपि मुझसे कोई पूछने नहीं जा रहा पर मैं ज़जमेंट कर रहा होता तो मैटर के 5, मैथड के 5.5 मैनर के 6 कुल तीस में से 16.5 ! प्रोत्साहन पुरस्कार । लेकिन हूटिंग करने वालों को पक्का सदन निष्कासन smile emoticon 
‪#‎smriti‬